Thursday, July 28, 2011

दुमका-रामपुरहाट पथ का शिलान्यास

आधारभूत संरचना  के लिए बजट में अतिरिक्त राशि  : अर्जुन मुण्डा
दुमका, 28 जुलाई 2011 : माननीय मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुण्डा और राज्य समन्वय समिति के अध्यक्ष सह माननीय सांसद श्री शिबू सोरेन ने दुमका-रामपुरहाट पथ के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। करीब 62 करोड़ रूपये की लागत से 50.4 कि0मी0 लम्बे इस पथ का जीर्णोद्धार कार्य दो वर्ष के भीतर पूरा किया जायेगा।
दुमका-रामपुरहाट मुख्यपथ पर अवस्थित शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत बरमसिया गांव में आयोजित शिलान्यास समारोह में राज्य के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, कृषि मंत्री श्री सत्यानन्द झा बाटुल, शिकारीपाड़ा विधायक श्री नलिन सोरेन सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुण्डा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने सड़क, बिजली, सिंचाई, कृषि आदि क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए राज्य के बजट में अतिरिक्त राशि का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि आवागमन की बेहतर सुविधा और व्यापार व रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संताल परगना सहित राज्य के सभी प्रमंडलों की जर्जर पथों को दुरूस्त करने का कार्य प्रारम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केन्द्र सरकार को डुमरी-देवघर-दुमका-रामपुरहाट को नेशनल हाईवे में शामिल कर इस पथ के जीर्णोद्धार करने का आग्रह किया है लेकिन केन्द्र सरकार द्वारा झारखण्ड सरकार के इस प्रस्ताव को अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। इसके बावजूद राज्य सरकार द्वारा अपने संसाधनांे से जर्जर पथों का जीर्णोद्धार के साथ गोविन्दपुर साहेबगंज पथ का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। गंगा में पुल निर्माण कार्य की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है।

माननीय मुख्यमंत्री द्वारा ग्राम्य अभियंत्रण संगठन (आर.ई.ओ.) के नियंत्राधीन बरमसिया - रघुनाथपुर पथ को पथ निर्माण विभाग के अधीन कर उसके शीघ्र जीर्णोद्धार की दिशा में कार्रवाई प्रारम्भ करने का निदेश दिया गया। उन्होंने आम जनता से पथों के चैड़ीकरण और निर्माण कार्य में सरकार को सहयोग देने की अपील की। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत अब दस हजार रूपये की जगह पर पन्द्रह हजार रूपये उपलब्ध कराया जाएगा। गरीब की बेटी भी समाज में पढ़ लिखकर आगे बढ़े एवं आत्मसम्मान के साथ जी सके इके लिए सरकार उनके जन्म के समय से लगातार छः वर्षों तक 5000/-प्रति वर्ष बैंक में जमा करने की योजना पर कार्य कर रही है। सरकार निश्चित समय सीमा में जनता के कार्यों के निष्पादन की योजना भी बना रही है। इसके अन्तर्गत निहित समय सीमा में कार्य नहीं होने पर संबंधित अधिकारी आर्थिक दंड के भागी बनेंगे।
माननीय मुख्यमंत्री श्री मुण्डा ने कहा कि कृषि के विकास के लिए राज्य सरकार सिंचाई की बेहतर सुविधा मुहैया कराने के प्रति कृतसंकल्प है। उन्हांेने कृषि विभाग को खरीफ फसल के साथ रबी फसल के उत्पादन में भी वृद्धि लाने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व के वर्षों में 2009 में सुखाड़ प्रभावित क्षेत्रों के संबंध में फर्जी रिपोर्ट दिये जाने से किसानों को फसल बीमा योजना का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया है। इसलिए सरकार द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों को कृषि से संबंधित सही रिपोर्ट देने की चेतावनी दी गयी है।
श्री मुण्डा ने ग्रामीण विद्युतीकरण योजना की चर्चा करते हुए कहा कि कम क्षमता वाला ट्रांसफर्मर लगाये जाने से गांवों में बिजली पहुंचाने का सपना साकार नहीं हो पा रहा है। इसलिए राज्य सरकार ने केन्द्र सरकार से उच्च क्षमता का ट्रांसफर्मर गांवों में लगाने का आग्रह किया हैं।
श्री मुण्डा ने इसी क्रम में कहा कि राज्य सरकार राज्य समन्वय समिति के अध्यक्ष सांसद शिबू सोरेन के मार्गदर्शन में राज्य की जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप सभी क्षेत्रों में त्वरित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह में समन्वय समिति के अध्यक्ष सांसद माननीय शिबू सोरेन ने राज्य सरकार से राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए तेजी से कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने जनता से अपने अधिकार और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया और कहा कि राज्य सरकार को सभी क्षेत्रांे के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना चाहिए। सिर्फ रांची ही नहीं संतालपरगना सहित सभी क्षेत्रों में समान रूप से जनता की समस्याओं पर सार्वजनिक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि संताल परगना आदर्श प्रमंडल बनेगा। इस दिशा में पहल शुरू कर दी गयी है। जनसभा को माननीय कषि मंत्री श्री सत्यानन्द झा बाटुल, माननीय विधायक श्री नलिन सोरेन और पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री एन.एन. सिन्हा ने भी संबोधित किया। समारोह में प्रमंडलीय आयुक्त श्री संतोष कुमार, उपायुक्त श्री प्रशांत कुमार, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री विनय कुमार पाण्डेय पुलिस अधीक्षक श्री हेमंत टोप्पो सहित प्रमंडल व जिला के पदाधिकारीगण भी मौजूद थे।      

No comments:

Post a Comment