Monday, July 25, 2011

सरकार को पारदर्शी बनाया जाएगा

रांची, 25-07-2011 : झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने राज्य में मुंडा सरकार के गठन के बाद अपने तरह के पहले मीडिया से बातचीत में अपनी सरकार की उपलब्धियों और कार्याक्रमों की विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि सरकार को पारदर्शी बनाया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कहीं भी किसी प्रकार का भ्रष्टाचार हो सके. उन्होंने उर्जा बचत के लिए आज यहां राज्य में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सीएफ़एल योजना की घोषणा की और कहा कि राज्य सरकार मीडिया के माध्यम से सभी विकास कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण सोशल ऑडिटिंग कराएगी.

ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सीएफ़एल योजना प्रारंभ करने की घोषणा की. मुंडा ने बताया कि राज्य सरकार इस अभिनव योजना में सीधे सभी पंचायतों को बिजली बल्ब के स्थान पर रोशनी के लिए सीएफ़एल ट्यूब प्रदान करेगी.

इन सीएफ़एल ट्यूबों पर सरकार ग्रामीण पंचायतों को 85 प्रतिशत सब्सिडी देगी. मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार की सभी विकास योजनाओं का खाका मीडिया के माध्यम से जनता के समक्ष रखा जाएगा, जिससे इनका सामाजिक अंकेक्षण हो सकेगा. मुंडा ने दो टूक कहा कि उनकी सरकार सभी विकास कार्यों को जवाबदेही के आधार पर पूरा करने पर जोर दे रही है.

उनकी सरकार मुख्यमंत्री के कार्यों को भी मीडिया के माध्यम से पारदर्शी ढंग से जनता के सामने रखेगी और लोगों के सुझावों का समावेश कर सभी कार्यों को पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाएगा.उन्होंने कहा कि झारखंड के गठन के बाद राज्य की सरकार और नेतृत्व के प्रति आम लोगों में देश में विश्वसनीयता का संकट रहा है लेकिन उनकी सरकार जनता की विश्वसनीयता की कसौटी पर हर स्तर पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है.

No comments:

Post a Comment